आजमगढ़ में टॉप-10 अपराधियों का सत्यापन अभियान, पुलिस ने एक साथ दी दबिश
आजमगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने गुरुवार को सर्किल नगर क्षेत्र में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर संचालित इस अभियान की निगरानी क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने की।
अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों को एक साथ चिन्हित टॉप-10 अपराधियों के संभावित निवास स्थलों पर भेजा गया। इस दौरान उनकी वर्तमान स्थिति, गतिविधियों और क्षेत्र में मौजूदगी की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के सत्यापन के साथ स्थानीय स्तर पर भी आवश्यक जानकारी एकत्र की।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चिन्हित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।








