आजमगढ़: जल निगम स्टोर से सरकारी सामान चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, निजामाबाद पुलिस ने बरामद किए डी-ज्वाइंट और सिलेंडर
आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना निजामाबाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश जल निगम के स्टोर से सरकारी सामान चोरी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गंधुवई कोल्ड स्टोरेज के पास से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 02 डी-ज्वाइंट तथा 06 सिलेंडर विद लाइनर बरामद हुए। जांच में पुष्टि हुई कि यह सामान फरिहा स्थित उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के स्टोर से चोरी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता ने थाना निजामाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 26 जुलाई की शाम फरिहा स्थित जल निगम स्टोर परिसर से Cylinder Assembly Complete, Cylinder with Liner, D-Joint सहित अन्य सरकारी सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे।
इस मामले में थाना निजामाबाद पर मु.अ.सं. 191/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। चोरी का सामान बरामद होने के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।








