आरटीआई कार्यकर्ता ने अभिजीत दीपके की अमेरिका में पढ़ाई के खर्च पर उठाए सवाल, आय की जांच की मांग
सूरत। सूरत के आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने अभिजीत दीपके के परिवार की आय और उनके अमेरिका में उच्च शिक्षा के खर्च को लेकर जांच की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की औपचारिक जांच कराने की अपील की है।
अमित तिवारी का कहना है कि अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनका सवाल है कि यदि उनकी आय सीमित थी, तो वे अपने बेटे की अमेरिका में उच्च शिक्षा का खर्च कैसे उठा सके। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच कराई जाए और यदि आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
तिवारी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में तीन अलग-अलग जगहों पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चुनाव आयोग में शिकायत देकर आरोप लगाया कि संबंधित संगठन राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत नहीं होने के बावजूद चंदा एकत्र कर रहा था। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क विभाग (CBIC) में भी शिकायत की है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार से भगवानराव दीपके की आय और संपत्ति की जांच कराने की मांग की है।
अमित तिवारी ने भाजपा के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों की भी आलोचना की। उनका कहना है कि शुरुआत में आंदोलन नीट पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर केंद्रित था, लेकिन बाद में उसका स्वरूप बदल गया।
फिलहाल, इन आरोपों और शिकायतों पर संबंधित पक्षों या सरकारी एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








