फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कराया जमीन का बैनामा, ₹3.50 लाख की ठगी में दो गिरफ्तार
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना पुलिस ने जमीन के फर्जी बैनामे के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन के वास्तविक मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराई गई और ₹3.50 लाख की रकम ली गई।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को हूँसेपुर सनूप निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम मादेपुर, थाना अतरौलिया निवासी गोविन्द की पत्नी और प्रेमा पत्नी रोहित ने गाटा संख्या 746, रकबा 0.417 हेक्टेयर जमीन बेचने की बात कही थी। जमीन की कीमत ₹3.50 लाख तय हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, रकम गोविन्द के बैंक खाते में जमा कराने के साथ कुछ राशि नकद भी दी गई। बैनामा के दौरान कथित तौर पर असली गोविन्द की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर उसकी फोटो लगाकर दस्तावेज तैयार कराए गए। सत्यापन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी का भी इस्तेमाल किया गया।
बाद में मामले में फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों के नाम सामने आने के बाद 11 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह की टीम ने बूढ़नपुर तिराहे के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








