जमीनी विवाद में मारपीट और घर में तोड़फोड़ का आरोपी गिरफ्तार, बांस का डंडा बरामद
आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने जमीनी विवाद और पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में मारपीट, जानलेवा हमले और घर में तोड़फोड़ के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 जून 2026 को मंडोही निवासी दूधनाथ ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि जमीन और पेड़ काटने के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उनके बेटे अर्श यादव को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी पर भी कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया।
शिकायत में घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 की रात करीब 10:15 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुखीपुर अंडरपास के पास से वांछित आरोपी नीरजकान्त उर्फ पिन्टू (33) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मंडोही गांव का निवासी है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।








