UPSSSC परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा, ₹6 लाख में पास कराने की डील; एक गिरफ्तार
आजमगढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में कथित तौर पर नकल कराने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के लिए लाखों रुपये में सौदा करता था। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में UPSSSC की परीक्षा आयोजित हो रही थी। परीक्षा के दौरान ब्लॉक-A में बैठे आलोक पटेल निवासी भड़ाव, थाना जंसा, वाराणसी की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई। उसके पास से कान में लगा हियरिंग डिवाइस तथा अंडरवियर से ब्लूटूथ डिवाइस, सिम और दो बैटरियां बरामद की गईं।
पूछताछ में सामने आया कि इन उपकरणों के जरिए बाहर से उत्तर बताकर परीक्षा पास कराने की योजना थी। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आलोक को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद 11 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस टीम ने प्राइवेट बस अड्डा, आजमगढ़ से वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू (31) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों आनंद पटेल और कुश पटेल के साथ मिलकर आलोक को परीक्षा में पास कराने के लिए 6 लाख रुपये में सौदा तय किया था। इसके एवज में 15 हजार रुपये एडवांस लिए गए थे। आरोपी ने अभ्यर्थी को नकल के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने और उनके इस्तेमाल का तरीका बताने की बात भी स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।








