तमंचा-कारतूस, बाइक, लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद; लूट का टप्स खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार
लालगंज/आजमगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले जाकर उसके कान के आभूषण और सहारा लूटने के मामले में देवगांव पुलिस ने एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी अमित प्रताप सिंह ने देवगांव थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात लोग तीन-चार दिन पूर्व उसकी मां को बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से अपने साथ केराकत तहसील की ओर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने महिला के कान में पहने टप्स और सहारा पर झपट्टा मारकर उन्हें छीन लिया। तहरीर के आधार पर देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
संदिग्ध बाइक सवार को रोकने पर पुलिस पर फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 17/18 अगस्त की रात देवगांव पुलिस पल्हना-लहुवां मार्ग पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आने वाला है और उसके पास अवैध असलहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नसीरपुर की ओर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। नसीरपुर पुलिया के पास बाइक असंतुलित होकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
कई नामों से पहचान, कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शरीफ (36 वर्ष) निवासी डीएलडब्ल्यू जलालीपट्टी, थाना मंडुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी, हाल पता ग्राम निधौरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या PB10CK5791, पीली धातु की एक जोड़ी कान का सहारा और 850 रुपये नकद बरामद किए हैं।
घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा।
लूट का टप्स खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार
पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि लूटे गए आभूषणों में से एक जोड़ी कान का टप्स आरोपी शमीम ने सैदपुर, गाजीपुर निवासी सुनार दिनेश वर्मा पुत्र रामअवतार वर्मा को दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी कान का टप्स बरामद किया गया।
आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शमीम के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, विश्वासघात, चोरी की संपत्ति रखने तथा आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सकलडीहा थाने में वर्ष 2023 में चोरी, धोखाधड़ी और चोरी की संपत्ति रखने का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।
इसके अलावा वाराणसी कमिश्नरेट के कोतवाली काशी, कैंट, लंका और सारनाथ थानों में भी उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट में मुकदमा
मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी के बाद देवगांव थाने में मुकदमा संख्या 294/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रवीन्द्र नाथ पाण्डेय, विनय कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह सहित देवगांव थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी के अन्य आपराधिक संपर्कों तथा लूट की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।








