बारिश में जलमग्न प्रयागराज पर अखिलेश यादव का तंज, बोले—‘अब क्या प्रयागराज का नाम जलराजनगर करेंगे?’
प्रयागराज। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रयागराज के कथित स्मार्ट डेवलपमेंट और महाकुंभ के नाम पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि महाकुंभ के नाम पर प्रयागराज के तथाकथित ‘स्मार्ट डेवलपमेंट’ पर करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने शहर में बारिश के बाद बने जलभराव को कथित भ्रष्टाचार का “जीता-जागता और बहता-बहाता प्रमाण” बताया।
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि “बनाने चले थे ‘दिव्य’; लेकिन हर तरफ दिख रहा है ‘द्रव्य’।” इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या इलाहाबाद का नाम फिर से बदलकर प्रयागराज से ‘जलराजनगर’ किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि पार्टी ने नहीं सोचा था कि उनके कथित “महापाप” की पोल कभी धार्मिक रूप से तो कभी प्राकृतिक रूप से खुलेगी। उन्होंने आगे लिखा कि पाप की सजा इसी धरती पर मिलती है।
बारिश के बाद प्रयागराज में जलभराव को लेकर अखिलेश यादव की इस टिप्पणी ने एक बार फिर शहर के विकास कार्यों, जल निकासी व्यवस्था और महाकुंभ के दौरान हुए खर्च को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।








