best news portal development company in india

शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का आक्रोश, विद्यालय गेट पर धरना; 48 घंटे का अल्टीमेटम

SHARE:

शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का आक्रोश, विद्यालय गेट पर धरना; 48 घंटे का अल्टीमेटम

सगड़ी, आजमगढ़। शिक्षकों की कमी को लेकर स्मिथ इंटर कॉलेज, अजमतगढ़ के छात्र-छात्राओं का आक्रोश मंगलवार को सामने आ गया। विद्यालय में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के शिक्षकों की कमी से नाराज करीब 300 से 400 विद्यार्थियों ने सुबह लगभग 8 बजे विद्यालय गेट पर धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में पोस्टर लेकर बैठे थे, जिन पर “टीचर सुनो स्टूडेंट की बात”, “मत करो हमारा साल बर्बाद”, “अब तो सुनो हमारी बात” जैसे स्लोगन लिखे थे। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य दांव पर है।

वर्षों से शिक्षकों की कमी का आरोप

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के मुताबिक विद्यालय में करीब 26 वर्षों से रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं, जबकि लगभग 9 वर्षों से गणित के प्रवक्ता का पद भी खाली है। छात्रों का आरोप है कि इसके बावजूद उनसे फीस ली जा रही है, लेकिन पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की जा रही है।

छात्रों ने बताया कि विद्यालय में 1,100 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और अभी भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। ऐसे में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पुलिस पहुंची, छात्रों ने रखी शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग

विद्यालय खुलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं गेट पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर जीवनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग पर अड़े रहे।

प्रदर्शन कर रही छात्रा गिरजा भारती ने बताया कि शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यालय प्रबंधन को कम से कम 13 बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

48 घंटे में शिक्षक नहीं आए तो फिर आंदोलन

करीब एक घंटे चले धरने के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य नकुल राव ने छात्रों को 48 घंटे के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने धरना समाप्त कर दिया।

छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। विद्यार्थियों का कहना है कि उनकी मांग किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि बेहतर और नियमित पढ़ाई के लिए है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई