सुपौल रिपोर्ट:- अल्ताफ राजा
घूरन पंचायत में कोसी का रौद्र रूप, कटाव से कई एकड़ जमीन नदी में समाई; अधूरे फ्लड फाइटिंग कार्य पर ग्रामीणों में आक्रोश
सुपौल सदर प्रखंड के घूरन पंचायत में कोसी नदी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। नदी के तेज कटाव के कारण पंचायत क्षेत्र में किसानों की कई एकड़ उपजाऊ जमीन देखते ही देखते कोसी की धारा में समा गई है। लगातार बढ़ते कटाव ने अब ग्रामीणों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थिति यह है कि घूरन पंचायत के वार्ड नंबर-6 में बसे लोगों के घर भी कटाव की जद में आने की आशंका बनी हुई है।

कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए पंचायत के मुखिया अबू नसर ने संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर फ्लड फाइटिंग का कार्य शुरू कराया। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में कटाव होने के बावजूद महज 500 मीटर हिस्से में ही काम कराया जा रहा है। जिन स्थानों पर कटाव सबसे अधिक तेज है, वहां काम नहीं होने से नदी लगातार जमीन को निगलती जा रही है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों ने जांच के बाद काम तो शुरू कराया, लेकिन जिस स्थान पर तत्काल सुरक्षा कार्य की जरूरत है, वहां काम नहीं कराया जा रहा है। उनका कहना है कि अधूरे और गलत स्थान पर किए जा रहे कार्य से कटाव रोकने के बजाय समस्या और गंभीर हो सकती है।मौके पर मौजूद पंचायत समिति सदस्य अनवर अली ने कहा कि संबंधित विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर चुके हैं और उनके निर्देश पर कार्य शुरू हुआ, लेकिन काम को अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रभावित क्षेत्र में तत्काल प्रभावी फ्लड फाइटिंग कार्य कराया जाए।
इस दौरान मुखिया प्रत्याशी नौशाद आलम, अब्दुल कादिर, पैक्स अध्यक्ष मो. उमर फारूक, मो. इरशाद आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि खानापूर्ति के बजाय कटाव प्रभावित पूरे क्षेत्र में युद्धस्तर पर सुरक्षा कार्य कराया जाए, ताकि किसानों की जमीन और वार्ड नंबर-6 के घरों को कोसी नदी के कटाव से बचाया जा सके।








