टॉपटेन अपराधी विकास यादव की ₹20 लाख की संपत्ति कुर्क, मकान किया गया सील
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए टॉपटेन अपराधी विकास यादव की करीब 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी।
यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 19 अगस्त 2026 को की गई। कुर्क की गई संपत्ति ग्राम रणमों में स्थित 148.501 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बना मकान है। प्रशासन के अनुसार जांच में सामने आया कि मकान का निर्माण अपराध से अर्जित धन से कराया गया था।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार लालगंज उमेश कुमार सिंह और थानाध्यक्ष देवगांव सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मकान के दोनों मुख्य दरवाजों के साथ छत पर जाने वाले दरवाजे को भी ताले लगाकर सील कर दिया। मकान की चाभी तहसीलदार को सौंप दी गई।
पुलिस के मुताबिक विकास यादव पुत्र कमला यादव देवगांव थाने का टॉपटेन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है।








