प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को लेकर जागरूकता रथ रवाना, 21 अगस्त को लगेगा सोलर मेला !

पश्चिम चंपारण जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक घरेलू उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया। समाहरणालय परिसर से डीडीसी काजले वैभव ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, अनुदान और सोलर रूफटॉप संयंत्र से होने वाले लाभ की जानकारी देगा।
वहीं, 21 अगस्त को नगर निगम, बेतिया परिसर में पीएम “सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला” का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना पर केंद्र सरकार द्वारा अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
इसके अलावा बिहार सरकार की ओर से 1 किलोवाट पर 10 हजार और अतिरिक्त 1 किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये, यानी अधिकतम 20 हजार रुपये का अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है। इस तरह पात्र उपभोक्ताओं को कुल 98 हजार रुपये, लगभग एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। योजना 31 मार्च 2027 तक लागू है। डीएम तरनजोत सिंह ने लोगों से योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की।








