best news portal development company in india

आजमगढ़: जनता दर्शन में डीएम रविन्द्र कुमार ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी!

SHARE:

आजमगढ़: जनता दर्शन में डीएम रविन्द्र कुमार ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

आजमगढ़। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने फरियादियों से सीधे उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कई मामलों में उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दर्शन में मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई कर शिकायतों का निस्तारण स्वीकार्य नहीं होगा, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़नी चाहिए। तहसील और ब्लॉक स्तर पर ही शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों में एसडीएम और तहसीलदारों को स्थलीय निरीक्षण और पैमाइश कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आवास और शौचालय से संबंधित शिकायतों पर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निर्देशित किया गया। पेंशन और राशन कार्ड संबंधी मामलों में भी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।

जनता दर्शन के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई