आजमगढ़/पवई: नहर में डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, 800 मीटर दूर मिला शव
पवई, आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम जोखन पुत्र बंसीराम, निवासी पूरा नर्सिंग के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, राम जोखन सोमवार सुबह करीब 7 बजे भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार को ग्रामीणों ने कोहड़ा स्थित कूड़ा निकासन केंद्र के पास नहर में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि शव घर से करीब 800 मीटर की दूरी पर मिला।
सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








