फूलपुर-माहुल मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, जलभराव से आवागमन मुश्किल
फूलपुर, आजमगढ़। फूलपुर से माहुल को जाने वाली करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क पिछले दस वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क के कायाकल्प की मांग के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के दिनों में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। नालियों और बाहों पर अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहता रहता है, जिससे जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
कई गांवों के लोगों का मुख्य मार्ग
यह सड़क आसपास के लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित लोनियाडीह के अगल-बगल मक्खापुर,दशमढ़ा, झकहा, हथिनौरा, शेखावलिया, खानपुर, बेल्ह्मा, वजीराबाद, नेवादा शहजीरपुर, उदयपुर के लोगों को फूलपुर लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और नालियों को अतिक्रमण मुक्त कर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। वहीं, एसडीएम फूलपुर ने समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जाने की बात कही है।








