इस्कॉन आजमगढ़ में 4 से 6 सितंबर तक मनेगा 5253वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
आजमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) यू.पी. ईस्ट के तत्वावधान में आजमगढ़ में 4 से 6 सितंबर 2026 तक 5253वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। तीन दिवसीय यह धार्मिक आयोजन इस्कॉन सेंटर, बावली मोड़ पर आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान इस्कॉन द्वारका से पधारे वरिष्ठ ब्रह्मचारी रामनारायण प्रभु के मुखारविंद से श्रीकृष्ण कथा एवं श्रील प्रभुपाद कथा का वाचन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
आयोजकों के अनुसार, 4 सितंबर को मंगला आरती, श्रृंगार दर्शन एवं कथा के बाद महाअभिषेक, महाआरती और 56 भोग दर्शन का आयोजन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को फलाहार महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
5 सितंबर को संकीर्तन, तुलसी आरती एवं श्रील प्रभुपाद कथा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं 6 सितंबर को श्रीमद्भागवत कथा के साथ भगवान श्रीकृष्ण की वृंदावन लीला पर विशेष कथा का आयोजन होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए ओजस्वी गोविंद दास, रस विचार दास, राधा गोविंद दास और सेव्य निताई दास ने जनपदवासियों एवं सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और कृपा का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।








