शिक्षकों की बात, शिक्षकों के साथ! गया में 5 सितंबर को होगा शिक्षक सम्मान समारोह
गया: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार ने गया सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 5 सितंबर को आयोजित होने वाले शिक्षक सम्मान समारोह की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि समारोह में जिलेभर के शिक्षक शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद करना है।
इस दौरान शिक्षकों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को प्राथमिकता से सुना जाएगा। शिक्षकों द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल और विचार-विमर्श किया जाएगा।

विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना जरूरी है। शिक्षक सम्मान समारोह के माध्यम से शिक्षकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी बातों को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।








