खबर पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां हरिनगर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर में निकला विशाल अजगर, मची अफरा-तफरी

बगहा। हरिनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की रात करीब 11 बजे टिकट काउंटर रूम में विशाल अजगर दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। टिकट लेने पहुंचे यात्रियों की नजर अजगर पर पड़ते ही लोग डरकर काउंटर से दूर हट गए। सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर राजकुमार उरांव मौके पर पहुंचे और वार्ड पार्षद व वन विभाग को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम प्रशिक्षित कर्मियों के साथ स्टेशन पहुंची। टीम ने काफी सावधानी से अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे बोरे में रखा गया और जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया गया। अजगर के रेस्क्यू के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
रामनगर रेंजर विजय कुमार प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात में वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में आ सकते हैं। ऐसे में घबराने के बजाय वन विभाग को तुरंत सूचना दें।








