


फूलपुर कोतवाली परिसर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, भक्ति में सराबोर नजर आया पूरा परिसर
फूलपुर, आजमगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को फूलपुर कोतवाली परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, वहीं शाम होते ही भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा माहौल कृष्णमय हो गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फूलपुर कोतवाल देवेंद्र सिंह ने की उनके नेतृत्व में कोतवाली के पुलिसकर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों ने कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान नगर फूलपुर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की गई पुलिस परिवार के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और विभिन्न प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया रात्रि में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बेसब्री से इंतजार करते रहे जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा कोतवाली परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन ने पुलिस परिवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल में एक साथ पर्व मनाने का अवसर दिया।
इस अवसर पर कोतवाल देवेंद्र सिंह के साथ कोतवाली के समस्त पुलिसकर्मी एवं कर्मचारीगण, नगर फूलपुर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि सभासदगण तथा आसपास के लोग उपस्थित रहे। सभी के सहयोग और सहभागिता से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







