पीडीए को ‘पराया धन’ बताने पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- भाजपा के पास है इसका वीडियो
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की ओर से पीडीए को लेकर दिए गए बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग पीडीए को ‘पराया धन अपना’ बता रहे हैं, उनके बयान का वीडियो पार्टी के पास मौजूद है।
विनोद तावड़े 5 और 6 सितंबर को लखनऊ दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने पीडीए को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पीडीए का मतलब ‘पराया धन अपना’ है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि आगामी चुनाव में सपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं और बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों को जनता के बीच ले जाया जाएगा।
सोमवार को सपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान पीडीए से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मतलब प्रगतिशील लोगों का गठबंधन है और पीडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों का वीडियो भी सामने आया है।
समाजवादी छात्र सभा की वर्दी में बदलाव
इसी बीच समाजवादी पार्टी ने अपने फ्रंटल संगठन समाजवादी छात्रसभा की ड्रेस में भी बदलाव किया है। अब छात्रसभा के कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट और पैंट में नजर आएंगे। पार्टी के अनुसार यह बदलाव दलितों से संपर्क बढ़ाने और पीडीए के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
पहले छात्रसभा के कार्यकर्ता मैरून रंग की शर्ट और सफेद पैंट पहनते थे। अब नीली पैंट के साथ उसी रंग की टी-शर्ट पहनने की व्यवस्था की गई है।








