best news portal development company in india

सान्वी पब्लिक स्कूल के नए हॉस्टल की छत पर संदिग्ध अवस्था में मिला छात्र का शव, परिजनों में मचा कोहराम !

SHARE:

सान्वी पब्लिक स्कूल के नए हॉस्टल की छत पर संदिग्ध अवस्था में मिला छात्र का शव, परिजनों में मचा कोहराम

सुपौल रिपोर्ट अल्ताफ राजा

सुपौल सदर थाना क्षेत्र के गौरवगढ़ वार्ड नंबर-6 स्थित सान्वी पब्लिक स्कूल के नए हॉस्टल की छत पर रविवार दोपहर को क्लास वन के एक छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक छात्र की पहचान मरौना प्रखंड के हरिराहा पारीकोंच पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी शिव शंकर भारती के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे हॉस्टल की छत पर छात्र प्रियांशु कुमार के गले में गमछा और बेल्ट से फंदा लगा हुआ मिला। छात्रों की नजर पड़ने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी हॉस्टल के गार्ड को दी। गार्ड ने तत्काल विद्यालय संचालक संतोष कुमार को सूचना दी। इसके बाद गार्ड द्वारा छात्र के गले से गमछा और बेल्ट हटाकर उसे नीचे लाया गया।
आनन-फानन में विद्यालय के शिक्षक के साथ छात्र को शहर के प्रसिद्ध अनंत प्रेरणा एंड ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. बीके यादव ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इधर, मृतक के पिता शिव शंकर भारती ने स्कूल संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पुत्र की मौत सामान्य घटना नहीं है और उन्हें आशंका है कि स्कूल संचालक की मिलीभगत से उनके पुत्र की जान गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, जबकि परिवार को इसकी सूचना शाम करीब तीन बजे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी एसडीपीओ दिलीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस छात्र की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई