अतरौलिया में सुभासपा की समीक्षा बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
अतरौलिया (आजमगढ़)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही नियत। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उस दौरान पिछड़े, दलित और वंचित समाज के हित में अपेक्षित ठोस कदम नहीं उठाए गए।
प्रदेश सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए राजभर ने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और इसी वजह से विपक्ष सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है।
कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योगी सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दोषी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। राजभर ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पहले की सरकारों की तुलना में बेहतर हुई है और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान राजभर ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सुभासपा का उद्देश्य गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत है।
बैठक में सुभासपा के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








