अतरौलिया के सीएचसी और लोहरा गांव में कलाकारों ने किया जागरूक
अतरौलिया। स्वास्थ्य के अधिकार, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के कलाकारों की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौलिया और लोहरा गांव में नुक्कड़ नाटक व गीतों की प्रस्तुति दी। सहज संवाद, अभिनय और गीतों के माध्यम से कलाकारों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया गया कि स्वास्थ्य का अधिकार केवल बीमार होने पर अस्पताल जाकर इलाज कराने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करना उसका अधिकार है। इसके लिए ग्रामीणों को अपने आसपास स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, वहां उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है।

कलाकारों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों, सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलाकारों ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समुदाय तक तभी प्रभावी ढंग से पहुंच सकता है, जब लोग अपने स्वास्थ्य अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूक हों।

कलाकार ज्योति ने कहा कि नुक्कड़ नाटक और गीत जैसे सहज एवं संवादात्मक माध्यमों से स्वास्थ्य और जन अधिकारों से जुड़े विषयों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाना है। कार्यक्रम में इन्द्रनील, नेहा, देवोश्री, ज्योति, राजेश कुमार सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी।








