best news portal development company in india

कोटे के चुनाव में मारपीट और हंगामा, बैठक स्थगित

SHARE:

सोनी तिवारी और लालिमा यादव के बीच होना था उचित दर विक्रेता का चयन, बवाल के बाद नहीं हो सका फैसला

आजमगढ़। विकासखंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए शनिवार को आयोजित खुली बैठक हंगामे और मारपीट की भेंट चढ़ गई। विवाद के चलते कोटेदार चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। प्रशासन ने बैठक को अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दिया।

ग्राम पंचायत में उचित दर विक्रेता के चयन के लिए सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच चुनाव होना था। चुनाव अधिकारी के रूप में कोयलसा विकासखंड के एडीओ आरडी कृष्ण कुमार उपाध्याय मौजूद रहे। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

निर्धारित समय पर पंचायत भवन में खुली बैठक शुरू हुई। कोटेदार के चयन में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को लाइन में खड़ा कराया गया था। इसी दौरान लाइन में खड़े लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और हंगामे में बदल गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बैठक की कार्यवाही प्रभावित हो गई।

चुनाव अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हंगामे के कारण चयन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने खुली बैठक को अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दिया। इसके साथ ही सोनी तिवारी और लालिमा यादव के बीच प्रस्तावित कोटेदार चयन भी टल गया।

बताया गया कि ग्राम पंचायत कटोही में उचित दर विक्रेता के चयन के लिए पूर्व में भी बैठक कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद 12 सितंबर को दोबारा खुली बैठक कराने का आदेश जारी किया गया था। प्रशासन ने इस बार चुनाव अधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की थी, इसके बावजूद विवाद के कारण चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

अब अगली निर्धारित तिथि पर प्रशासन की मौजूदगी में दोबारा खुली बैठक कराकर उचित दर विक्रेता का चयन कराया जाएगा। मौके पर प्रशासक कविता मौर्य, बीएमएम राजेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी मंडलेश राव, ग्राम पंचायत अधिकारी सभा राम वर्मा, थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई