जल शक्ति मंत्री के निरीक्षण और विधायक के ज्ञापन के बाद भी समस्या बरकरार, सिंचाई विभाग पर लापरवाही के आरोप
लालगंज, आजमगढ़। शारदा सहायक खंड-23 के टिकरगढ़ रजवाहा में टेल तक पानी न पहुंचने से लालगंज तहसील क्षेत्र के किसानों में आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत और जनप्रतिनिधियों के प्रयास के बावजूद सिंचाई विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर सका। क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज द्वारा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी लालगंज को सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद भी नहर के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच सका।
टिकरगढ़ रजवाहा फैजुल्लाहपुर से निकलकर उपेंदा, नरसिंहपुर, लहुआं खुर्द, जमुई, धरहरा और पकड़ी होते हुए टेल तक पहुंचता है। इसकी लंबाई करीब 34 किलोमीटर बताई जाती है। इस रजवाहा से कई हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई होती है और बड़ी संख्या में किसान इसके पानी पर निर्भर हैं।
किसानों के अनुसार मई के अंतिम सप्ताह और जून के प्रथम सप्ताह से धान की नर्सरी तैयार करने तथा जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई के प्रथम सप्ताह से धान की रोपाई का कार्य शुरू होता है। इस दौरान सिंचाई के लिए पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। किसानों का आरोप है कि जून, जुलाई और अगस्त में रजवाहा में पर्याप्त पानी नहीं छोड़े जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूर होकर कई किसान ट्यूबवेल और पंपिंग सेट से धान की सिंचाई कर रहे हैं।
विधायक ने अधिकारियों से की वार्ता
पानी की समस्या को लेकर किसानों ने क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज से शिकायत की थी। विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार वार्ता कर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की। समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम लालगंज को सौंपा था। इस दौरान मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।
किसानों का आरोप है कि इसके बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि टेल तक पानी पहुंचाने के नाम पर रजवाहा की सफाई कराई गई, लेकिन नहर में जगह-जगह झाड़ियां और सिल्ट मौजूद रहने से पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। किसानों ने सफाई कार्य में लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद समस्या बने रहने की जांच की मांग की है।
मंत्री ने भी किया था निरीक्षण
किसानों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व 15-16 अगस्त 2025 को जल शक्ति एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह गोरखपुर से वाराणसी जाते समय टिकरगढ़ रजवाहा पर रुके थे। किसानों ने उस दौरान मंत्री को नहर में पानी न पहुंचने की समस्या से अवगत कराया था।
किसानों के मुताबिक उन्होंने फैजुल्लाहपुर में रजवाहा के उद्गम स्थल पर पांच कुलाबों में से तीन को कथित रूप से पक्की दीवार बनाकर बंद किए जाने और केवल दो गेट से पानी छोड़े जाने की शिकायत की थी। किसानों का कहना है कि मंत्री ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा सभी गेट खोलकर टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
हालांकि किसानों का आरोप है कि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नहर के टेल क्षेत्र में आज भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर नहर की सफाई, गेटों की स्थिति और पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जांच कराने तथा टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की है।








