मोतिहारी के जिहुली दोहरा हत्याकांड के बाद सियासत गरम, तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉल पर पीड़ित परिवार से की बात
मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
चाकूबाजी में दो लोगों की हत्या से गांव में दहशत; राजद नेताओं ने जिहुली पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र से बुधवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और चाकूबाजी में दो लोगों की जान चली गई। घटना जिहुली गांव के वार्ड नंबर-11 की है, जहां बुधवार देर शाम हुई हिंसक झड़प के बाद दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मवेशी को लेकर हुई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई। चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव के लोगों में भी दहशत का माहौल है।
इधर, दोहरे हत्याकांड के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा दिलाने की मांग की।
तेजस्वी यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान परिजनों ने घटना से जुड़ी जानकारी साझा की और अपनी पीड़ा बताई। नेता प्रतिपक्ष ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और सरकार से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
वहीं, घटना की सूचना के बाद राजद के जिला अध्य्क्ष मनोज यादव, चिरैया के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव, पूर्व विधायक ई. शशि सिंह, समेत कई नेता जिहुली गांव पहुंचे।
राजद नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया। नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। और तीन लोगों को गिरफ्तार की है मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी पर है।








