आजमगढ़: सदर अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, DM-SP ने रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला
आजमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला अस्पताल (सदर अस्पताल) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में युवाओं एवं अन्य लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए योगदान दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम और एसपी ने सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की। उन्होंने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें फल वितरित किए। अधिकारियों ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।








