best news portal development company in india

चक्रवाती तूफान ‘अनर्ब’ का असर: आजमगढ़ में तेज हवा-बारिश से जनजीवन प्रभावित

SHARE:

चक्रवाती तूफान ‘अनर्ब’ का असर: आजमगढ़ में तेज हवा-बारिश से जनजीवन प्रभावित

आजमगढ़। चक्रवाती तूफान ‘अनर्ब’ के असर से जिले में शुक्रवार से तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। करीब 25 मिमी बारिश के बीच तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात और विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही।

जिले में करीब 100 स्थानों पर पेड़ गिरने तथा लगभग 150 स्थानों पर बिजली के पोल व तार टूटने की सूचना है। इसके चलते आजमगढ़-गाजीपुर समेत कई प्रमुख और लिंक मार्गों पर घंटों आवागमन बाधित रहा। कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के निचले इलाकों के अलावा नगर पालिका और जलकल कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया। लगातार बारिश और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी भारी बारिश की आशंका जताई है।

20 उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति रही प्रभावित

तेज हवा और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था पर भी व्यापक असर पड़ा। करीब 150 बिजली पोल और तार टूटने से कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार शाम से शनिवार तक लगभग 20 विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी।

अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी के अनुसार विद्युत विभाग के कर्मचारी दिन-रात आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। टूटे पोल और तारों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति सामान्य करने का काम जारी है।

मुख्य मार्गों पर गिरे पेड़, लगा जाम

शुक्रवार रात आंधी-बारिश के दौरान कप्तानगंज-तहबरपुर-मुहम्मदपुर मुख्य मार्ग पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के पास अंधरापास के समीप बबूल का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे मार्ग पर कई घंटे आवागमन बाधित रहा। शनिवार सुबह डीएलएड की परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

आजमगढ़-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर छतवारा के पास बयासी में तेज हवा के कारण पेड़ सड़क पर गिर गया। गोधौरा हरिजन बस्ती के पास भी पेड़ और बिजली का खंभा सड़क पर गिरने से आवागमन बाधित रहा।

पुराने पीपल के पेड़ के गिरने से आवागमन प्रभावित

पवई-कल्लान मार्ग पर पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव में करीब 100 वर्ष पुराना विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। इससे मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी फूलपुर निकेत वर्मा ने सड़क पर पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह को फोन कर थाना प्रभारी पवई मनीष पाल के खिलाफ रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित था, इसके बावजूद मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बोलेरो पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे यात्री

कोयलसा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 50 मीटर दूर बूढ़नपुर-अहरौला मार्ग पर शनिवार सुबह करीब सात बजे विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही बोलेरो इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बची। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।

तूफान और बारिश के चलते जिले के कई अन्य हिस्सों में भी पेड़ गिरने, बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने और जलभराव की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन तथा विद्युत विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बहाली के कार्य में जुटी हैं।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई