नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, टहलने निकले ग्राम प्रधान की पड़ी नजर
अहरौला/आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के पास नहर में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले ग्राम प्रधान की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
खजुरी गांव के ग्राम प्रधान जवाहिर मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में उतराते शव पर पड़ी। उन्होंने आसपास के लोगों और डायल 112 पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नहर से बाहर निकलवाया।
थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने मौके पर जुटे ग्रामीणों और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष है। उसने गुलाबी रंग की टी-शर्ट और संतरी रंग का लोवर पहन रखा था। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने बताया कि शव की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति नहर तक कैसे पहुंचा। पहचान और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








