आजमगढ़ सिधारी में अवैधानिक गतिविधियों की शिकायत पर पुलिस की छापेमारी, चार महिलाएं हिरासत में
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा नई कॉलोनी में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर चार महिलाओं को हिरासत में लिया पुलिस सभी महिलाओं से सिधारी थाने में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एक व्यक्ति की ओर से एसपी को दी गई शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता हनुमान ने आरोप लगाया था कि कॉलोनी स्थित एक मकान में एक महिला अन्य महिलाओं के साथ मिलकर कथित तौर पर अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त है शिकायत में मकान पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आने-जाने का भी दावा किया गया था। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि संबंधित महिला को पूर्व में पुलिस द्वारा तीन बार पकड़ा जा चुका है, लेकिन बाद में सुलह होने के बाद कथित गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती थीं।
शिकायत मिलने के बाद सिधारी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को संबंधित मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, बरामद सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सीओ शुभम तोदी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी की, जहां से चार महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।








