best news portal development company in india

लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का किया बहिष्कार, आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा !

SHARE:

24 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी, 2800 ग्रेड पे और तकनीकी पद का दर्जा देने की मांग

अतरौलिया, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को तहसील बूढ़नपुर में लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चले धरने के दौरान लेखपालों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा धरना सभा को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाठक ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन उनकी कई मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। उन्होंने कहा कि लेखपालों से जीएनएसएस रोवर, लैपटॉप और मोबाइल जैसे तकनीकी संसाधनों के माध्यम से डिजिटल कार्य कराया जा रहा है, इसके बावजूद लेखपाल पद को तकनीकी पद का दर्जा नहीं दिया गया है। उन्होंने भत्तों में बढ़ोतरी की भी मांग की तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह और तहसील मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि करीब 2700 लेखपाल अपने गृह जनपद से 400 से 800 किलोमीटर दूर तैनात हैं। आरोप लगाया कि पिछले आठ वर्षों से अंतर्मंडलीय स्थानांतरण नहीं हुए
हैं। वहीं, दो वर्षों से राजस्व निरीक्षक पद की डीपीसी लंबित है। चयन वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों के स्थायीकरण में भी देरी होने की बात कही गई।


इन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

लेखपाल संघ ने प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे देने, वेतन विसंगति दूर करने और आठ वर्षों से लंबित अंतर्मंडलीय स्थानांतरण शुरू करने की मांग की। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए लंबित डीपीसी सूची जारी करने तथा नव नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित कर स्थायीकरण करने की मांग रखी गई संघ ने मोटरसाइकिल भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये, स्टेशनरी भत्ता 500 रुपये और विशेष भत्ता 1000 रुपये करने की मांग की। पटल सहायक और प्रभारी राजस्व निरीक्षक से संबद्ध लेखपालों को अवमुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा और भत्ता उपलब्ध कराए बिना रोस्टर व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग भी शामिल है। लेखपालों ने अपने पद को तकनीकी पद घोषित कर लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी की।


चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा

लेखपाल संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संघ के अनुसार, आठ अक्तूबर से लेखपाल तहसील प्रशासन के व्हाट्सएप ग्रुपों से बाहर होंगे और आय, जाति, निवास, खसरा तथा फार्मर रजिस्ट्री समेत ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे। 10 अक्तूबर को थाना दिवस पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा 12 अक्तूबर को तहसील और जिला स्तर पर रक्तदान शिविर तथा 14 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकालकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 17 से 23 अक्तूबर तक सभी तहसीलों में सुबह 10 से शाम चार बजे तक कार्य बहिष्कार और धरना दिया जाएगा। इसके बाद 24 अक्तूबर से जिला मुख्यालय पर संपूर्ण कार्य बहिष्कार के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई