शोर सुनकर पहुंचे परिजन, संदिग्ध भागा; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कलान, आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में रविवार को एक संदिग्ध युवक के मुंह बांधकर घर में घुसने से हड़कंप मच गया। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो संदिग्ध वहां से भागने लगा। उसका पीछा कर रहे एक ग्रामीण की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद गिरने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार खेमीपुर निवासी लालचंद मौर्य (52) पुत्र जयराम के मकान के बगल में उनके भाई फूलचंद की पुत्रवधू शावांगी अपनी बेटी को घर के अंदर दूध पिला रही थी। इसी दौरान एक बाहरी व्यक्ति मुंह बांधकर वहां पहुंच गया। उसे देखकर शावांगी घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर लालचंद मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने लगा।
बताया जा रहा है कि लालचंद ने संदिग्ध का पीछा किया। घर से करीब 50 मीटर दूर पहुंचने पर वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। ग्रामीण तत्काल उसे शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालचंद की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा बताया गया है। पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और घटना की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।








