आजमगढ़।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने रानी की सराय थाने का किया निरीक्षण, साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाएं परखीं
आजमगढ़, 10 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को थाना रानी की सराय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर थाना, साइबर सेल, थाने की साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, आवासीय बैरक, निर्माणाधीन भवन तथा नवीन भवन के बेसमेंट का निरीक्षण किया।

एसएसपी ने जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति का भी अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, थाना परिसर में साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पुलिस बल के साथ कस्बे में किया पैदल गश्त
थाने के निरीक्षण के बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ कस्बा रानी की सराय में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद स्थापित किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से पैदल गश्त करने, क्षेत्र में सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।








