दुर्गा पूजा में निर्धारित ध्वनि मानकों के पालन और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील
आजमगढ़, 10 अक्टूबर 2026। पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित सभागार में शनिवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
जाम, बिजली और अतिक्रमण की समस्याएं उठीं
बैठक के दौरान व्यापारियों ने रेलवे स्टेशन आजमगढ़ के पास जाम की समस्या, दुर्गा पूजा समितियों द्वारा सड़क पर मूर्ति स्थापित किए जाने, शहर चौक के पास विद्युत तारों को ऊंचा कराने और जर्जर विद्युत पोल बदलने जैसे मुद्दे उठाए।
इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने, जीयनपुर कस्बे में संजय जायसवाल के मकान के पास सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण, सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से लगने वाले जाम तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या भी सामने रखी गई। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील
बैठक के अंत में व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए डीजे संचालकों एवं आयोजकों से निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने तथा अधिकतम चार साउंड का प्रयोग सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देशित किया गया।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी, प्रभारी निरीक्षक यातायात, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और व्यापारीगण उपस्थित रहे।








