सरकारी योजना में 10 लाख दिलाने का झांसा देकर ठगी, महिला गिरफ्तार
आजमगढ़। सरकारी योजना के तहत 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में कप्तानगंज पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के कब्जे से पीली धातु का लॉकेट, चांदी की पायल, 700 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कौड़िया निवासी किरन प्रजापति की शिकायत पर मामले में थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 310/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 351(3) और 317(2) में अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायत में एक बुजुर्ग महिला को सरकारी योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया गया था।
ओवरब्रिज के पास से हुई गिरफ्तारी
मामले में कार्रवाई करते हुए कप्तानगंज पुलिस ने 11 अक्टूबर 2026 की रात 9:35 बजे छत्ता के पूरा ओवरब्रिज के पास आजमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग से अभियुक्ता नीरज उर्फ गुड्डी पत्नी रंगीले राम, निवासी कोटा खुर्द, थाना देवगांव, आजमगढ़ को गिरफ्तार किया पुलिस ने उसके पास से पान के आकार का पीली धातु का लॉकेट, एक जोड़ी पुरानी बड़ी चांदी की पायल, एक छोटी पायल, 700 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








