गृह मंत्री ने 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का किया दावा, एसआईआर विरोध को लेकर भी विपक्ष पर साधा निशाना
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ हजार लोगों की भीड़ जुटाकर देश की आवाज नहीं बना जा सकता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव में भी हार का सामना करने की तैयारी कर रही है। शाह ने राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता का समर्थन केवल प्रदर्शनों से हासिल नहीं किया जा सकता मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले पांच दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन और सरकार बदलने के दावों पर प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि 14 विपक्षी पार्टियां मिलकर डेढ़ किलोमीटर के क्षेत्र में आठ हजार लोगों की भीड़ एकत्रित कर सकती हैं, लेकिन इससे देश की आवाज नहीं बन सकती।
गांवों और दूरदराज के इलाकों में भी है देश की आवाज
अमित शाह ने कहा कि देश की वास्तविक आवाज केवल शहरों और प्रदर्शनों तक सीमित नहीं है, देश की जनता गांवों, खेत-खलिहानों, पहाड़ों, जंगलों और नदियों के किनारे भी रहती है, जहां विपक्ष की पहुंच नहीं है, उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध के नाम पर विपक्ष घुसपैठियों को बचाने की रणनीति अपना रहा है। शाह ने कहा कि जनता विपक्ष की मंशा को समझ चुकी है और उसके झांसे में आने वाली नहीं है।
2029 में भी भाजपा की जीत का जताया भरोसा
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं को जवाब देते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भी राजग प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगा,उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार चौथी बार हार का सामना करने की ओर बढ़ रही है।
शाह ने कहा कि देश की जनता आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और राजग के साथ खड़ी है,उन्होंने हाल में हुए विधानसभा उपचुनावों और गुजरात, त्रिपुरा तथा राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों का उल्लेख करते हुए भाजपा के प्रदर्शन को जनता के समर्थन का प्रमाण बताया।
गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों का भी किया जिक्र
अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि गांधीनगर नगर निगम में भाजपा ने 44 में से 38 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि आम आदमी पार्टी 32 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद अपना खाता नहीं खोल सकी और उसके सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा को गांधीनगर समेत गुजरात के विभिन्न नगर निकायों में अच्छा समर्थन मिला है, शाह के मुताबिक, ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाते हैं।
एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
अमित शाह ने एसआईआर के विरोध को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देकर सरकार और भाजपा की लोकप्रियता को चुनौती देने का प्रयास कर रहा है गृह मंत्री के इस बयान से साफ है कि भाजपा और विपक्ष के बीच एसआईआर, मतदाता सूची तथा आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक टकराव तेज बना हुआ है जहां विपक्ष सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है, वहीं भाजपा नेतृत्व इन प्रदर्शनों को जनता के व्यापक समर्थन का विकल्प मानने से इनकार कर रहा है।








