best news portal development company in india

भारत दुनिया के साथ बढ़ता है, किसी की कीमत पर नहीं: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE:

ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में बोले पीएम मोदी, भारत के आर्थिक विकास और डिजिटल ताकत को बताया देश की बड़ी उपलब्धि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत दुनिया के साथ आगे बढ़ना चाहता है, किसी की कीमत पर नहीं। भारत अपनी विकास यात्रा जारी रखेगा, चाहे वैश्विक परिस्थितियां अनुकूल हों या चुनौतियों से भरी हों। मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति, तकनीकी क्षमताओं, डिजिटल बुनियादी ढांचे और वैश्विक सहयोग की भूमिका पर विस्तार से बात की प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा दौर में दुनिया भू-राजनीतिक तनाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं और रणनीतिक संसाधनों को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना कर रही है। ऐसे समय में भारत ने आर्थिक मजबूती और निरंतर सुधारों के जरिए अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ाया है।

7.8 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत बुनियाद और लगातार किए जा रहे सुधारों पर आधारित है।अप्रैल से जून की तिमाही में देश ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की थी। उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार के 700 अरब डॉलर से अधिक होने और चालू खाते के घाटे में कमी का भी उल्लेख किया।
पीएम मोदी के मुताबिक, भारत की आर्थिक स्थिति देश को वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच स्थिरता प्रदान करती है। सरकार का जोर विकास को गति देने, निवेश आकर्षित करने और देश की आर्थिक क्षमताओं को मजबूत करने पर है।

तकनीक और संसाधनों को दबाव का हथियार बनाने पर चिंता

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तकनीक, डेटा, ऊर्जा, खनिज और आपूर्ति श्रृंखला जैसे संसाधनों का इस्तेमाल दबाव बनाने के साधन के रूप में भी किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि असली सवाल केवल तकनीकी या आर्थिक शक्ति हासिल करना नहीं, बल्कि यह है कि उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाता है।
उन्होंने भारत की विकास नीति को वैश्विक सहयोग और साझा समृद्धि से जोड़ते हुए कहा कि देश अपनी प्रगति के साथ दूसरे देशों के विकास में भी योगदान देना चाहता है।

डिजिटल इंडिया को बताया बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री ने भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, मोबाइल डेटा, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं के सीधे लाभ हस्तांतरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक ने आम नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाने और आर्थिक अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है भारत का डिजिटल भुगतान तंत्र छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों तक व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत के डिजिटल अनुभव को दूसरे देशों के साथ साझा करने की बात भी कही।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में भरोसा सबसे अहम

पीएम मोदी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य नई तकनीकें दुनिया में काम करने के तरीकों को बदल रही हैं। इनके साथ कई नई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसे में दुनिया के सामने सबसे बड़ा सवाल भरोसे का है उन्होंने कहा कि भारत चुनौतियों के बीच भी भरोसे, स्थिरता और विकास की सोच के साथ आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री के अनुसार, वैश्विक समस्याओं का समाधान सहयोग और साझेदारी के माध्यम से तलाशना जरूरी है।

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की विकास यात्रा जारी

प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों में दुनिया के सामने आई महामारी, संघर्षों, व्यापारिक बाधाओं और ऊर्जा आपूर्ति की चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब दुनिया संकट से बाहर निकलने का रास्ता तलाशती है, तब कई

बार नई चुनौतियां भी सामने आ जाती हैं।

उन्होंने भारत को आर्थिक और तकनीकी क्षमताओं के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री का संदेश था कि भारत की विकास यात्रा केवल अपने आर्थिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश वैश्विक सहयोग

और साझा समृद्धि में भी योगदान देना चाहता है।

ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटल क्षमताओं और वैश्विक सहयोग पर केंद्रित रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए दुनिया के साथ साझेदारी और साझा समृद्धि को महत्व देता है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई