वैशाली में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, बोलेरो के गुप्त तहखाने से 179 लीटर विदेशी शराब बरामद
वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले दो दिनों के दौरान पुलिस ने महनार और देसरी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।

गुरुवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महनार थाना क्षेत्र के हसनपुर बॉर्डर के समीप गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान एक बोलेरो गाड़ी के अंदर गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई गई 20 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 179 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब लदी बोलेरो को जब्त कर लिया है। मामले में फरार शराब कारोबारी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, देसरी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 29 बोतल विदेशी शराब और करीब 350 लीटर देसी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया तथा एक सीएनजी टेम्पो को जब्त कर लिया।
एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








