best news portal development company in india

मिशन शक्ति फेज-6.0।आजमगढ़ के 26 थानों में जागरूकता अभियान, 2,106 लोगों को किया गया जागरूक

SHARE:

99 वाहनों का चालान, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 1,237 व्यक्तियों की जांच की; महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

आजमगढ़, 17 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में जनपद के सभी 26 थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

94 ग्राम पंचायतों, वार्डों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचा अभियान

अभियान के अंतर्गत महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कुल 94 ग्राम पंचायतों, वार्डों एवं स्कूल-कॉलेजों में 101 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 2,106 महिलाओं, बालिकाओं, पुरुषों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।पुलिस द्वारा जागरूकता के लिए 1,502 प्रिंटेड सामग्री वितरित की गई, जबकि 20 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी उपलब्ध कराई गईं।

हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108 के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों और महिलाओं को उपलब्ध कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया।

स्टंटबाजी पर कार्रवाई, एंटी रोमियो स्क्वाड ने की चेकिंग

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वाले 99 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 70 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर 1,237 व्यक्तियों की जांच की। इनमें से 880 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई, जबकि दो व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त 413 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों की चेकिंग कर सत्यापन की कार्रवाई भी की गई।

महिला सुरक्षा के लिए अभियान जारी

अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज एवं पर्यवेक्षण अधिकारी मिशन शक्ति आस्था जायसवाल के नेतृत्व में अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाया जा रहा है।

आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और महिला अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता तथा प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई