डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने शहीद पुस्तिका का किया वाचन, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार सहित पुलिस अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर किया नमन

आजमगढ़। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित स्मृति स्थल पर अमर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने सुबह 8 बजे शहीद पुस्तिका का वाचन किया और कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के
अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, सहायक कमांडेंट पीएसी देव आनंद, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पांडेय, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर समेत विभिन्न क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें देश और समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया गया। उनका साहस और त्याग पुलिस बल को कर्तव्यनिष्ठा, बहादुरी और जनसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।







