प्रताप शाखा, सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अनुपम जी ने संघ की 101 वर्ष की यात्रा और दैनिक शाखा के महत्व पर डाला प्रकाश
फूलपुर, आजमगढ़। विजयदशमी के पावन पर्व पर फूलपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रताप प्रभात शाखा की ओर से शस्त्र पूजन उत्सव एवं स्थापना दिवस कार्यक्रम विधिवत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुष्पार्चन, दीपार्चन सहित विभिन्न मांगलिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान स्वयंसेवकों ने संघ की विचारधारा, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रमुखता से रखा।

कार्यक्रम में नगर संघचालक अरविंद जी, मुख्य वक्ता अनुपम जी, नगर अध्यक्ष राम आशीष जी तथा राजेश (चुट्टुर) जी ने संयुक्त रूप से पुष्पार्चन एवं दीपार्चन किया। किशन कुमार जी ने अमृत वचन प्रस्तुत किए, जबकि सुमधुर जी ने प्रासंगिक एकल गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

मुख्य वक्ता अनुपम जी, क्षेत्र संगठन मंत्री, भारतीय मजदूर संघ (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली एवं नेपाल), ने विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से लेकर अब तक की 101 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ की दैनिक शाखा केवल खेलकूद या व्यायाम का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रसेवा के संस्कार विकसित करने की कार्यशाला है।

उन्होंने सामाजिक भेदभाव, जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद जैसी चुनौतियों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उनके अनुसार, संघ के कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, अनुशासन और सेवा भाव को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला संघचालक हरिश्चंद्र बरनवाल, ताराचंद जी, सच्चिदानंद जी, कमला प्रजापति, शुभ्रांत प्रजापति, डॉ. आशुतोष, अनिल सेठ, सुधीर जी, संदीप मौर्य, आशीष कुमार मद्धेशिया, कमल जायसवाल, अनिल गुप्त, अतुल जायसवाल, नगर कार्यवाह शैलेंद्र जी, मुख्य शिक्षक प्रशांत जी सहित अनेक स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने स्वयंसेवकों की सहभागिता भी रही।








