पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश में रामप्रसाद यादव और उनके भाई पर हुआ था हमला, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
जीयनपुर, आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 की सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी अंकित यादव को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की नियंत्रित जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेजा गया।
चौको बाजार में 19 अक्टूबर को हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को रामप्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव, अंकित यादव समेत 11 नामजद आरोपियों ने उन्हें और उनके भाई प्रशान्त यादव को मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया, इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 0428/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5)/109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अम्मा आईमा मोड़ के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 3:38 बजे जीयनपुर पुलिस अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान अंकित यादव दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित यादव पुत्र लक्ष्मीकान्त यादव, निवासी कटियारी, थाना घोसी, जनपद मऊ के रूप में हुई है पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद करने का दावा किया है।
आर्मी की तैयारी कर रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित यादव ने बताया कि वह आजमगढ़ शहर में रहकर आर्मी की तैयारी कर रहा था। 19 अक्टूबर को सत्यम यादव के बुलाने पर वह चौको बाजार पहुंचा था, जहां पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर रामप्रसाद यादव और प्रशान्त यादव पर अन्य आरोपियों के साथ हमला किया गया था। घटना के बाद वह फरार हो गया था, मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक जाफर खाँ और जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।








