best news portal development company in india

एमएलसी चुनाव के दौरान अवैध शराब की बिक्री का खुलासा, मुबारकपुर में दो सेल्समैन गिरफ्तार

SHARE:

शराबबंदी का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे शराब, 51 टेट्रा पैक, ₹520 नकद और मोटरसाइकिल बरामद

मुबारकपुर, आजमगढ़। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर लागू शराबबंदी के दौरान अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री करने जा रहे दो सेल्समैन को मुबारकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 टेट्रा पैक विन्डीज लाइम मसाला देशी शराब, बिक्री से प्राप्त ₹520 नकद और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को कस्बा मुबारकपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बावन बीघा मैदान, शहीदनगर इस्लामपुरा के पास कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को अवैध देशी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय चौहान (36) पुत्र बाबूलाल चौहान और प्रेम चन्द (30) पुत्र मुन्नीलाल, निवासी प्यारेपुर, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।

शराब की दुकान बंद होने का उठाना चाहते थे फायदा

पुलिस की पूछताछ के अनुसार, दोनों आरोपी शराब की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। आरोप है कि एमएलसी चुनाव के कारण शराब की दुकानें बंद होने का फायदा उठाकर वे रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान से शराब लेकर मोटरसाइकिल पर बोरी में रखकर बम्हौर और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचने जा रहे थे। शराब की बिक्री से होने वाले मुनाफे को दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे।

10.2 लीटर शराब बरामद, मोटरसाइकिल सीज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 मिलीलीटर के 51 टेट्रा पैक बरामद किए, जिनकी कुल मात्रा 10.2 लीटर है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त ₹520 नकद भी बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP 54 BF 3347 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय चौहान के विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना जीयनपुर में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान की संलिप्तता के संबंध में जांच की जा रही है।

इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 376/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल भानू पाण्डेय तथा कांस्टेबल रमाकान्त यादव, नन्दलाल कुशवाहा, सतेन्द्र यादव और कुलदीप सरोज शामिल रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई