best news portal development company in india

फूलपुर में मिशन शक्ति अभियान छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक

SHARE:

माँ दुर्गा शिक्षण संस्थान, खोजापुर में पुलिस ने दी डिजिटल ठगी से बचने की जानकारी, महिला सुरक्षा सहित आठ हेल्पलाइन नंबरों के बारे में किया जागरूक

फूलपुर, आजमगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से फूलपुर पुलिस ने शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को माँ दुर्गा शिक्षण संस्थान, खोजापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व तथा प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।

प्रोजेक्टर के माध्यम से समझाए साइबर ठगी के तरीके

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से छात्राओं को ई-मेल फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, फर्जी ऐप डाउनलोड कराने, संदिग्ध लिंक भेजने तथा गिफ्ट और लॉटरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती करने, म्यूल अकाउंट और फर्जी मोबाइल नंबरों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया गया। पुलिस टीम ने पंपलेट वितरित कर साइबर अपराधों से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी।

ओटीपी, पासवर्ड और यूपीआई पिन साझा न करने की अपील

पुलिस टीम ने छात्राओं को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की गई।

ई-मेल के माध्यम से होने वाली ठगी से बचने के लिए प्रेषक की वास्तविक ई-मेल आईडी की जांच करने, संदिग्ध डोमेन और अटैचमेंट से बचने तथा किसी भी लिंक को खोलने से पहले उसकी सत्यता सुनिश्चित करने की जानकारी भी दी गई।

छात्राओं को बताए गए जरूरी हेल्पलाइन नंबर

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102 तथा अग्निशमन सेवा 101 शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अतिरिक्त आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से भी साइबर अपराध की शिकायत की जा सकती है।

महिला पुलिसकर्मियों ने निभाई जागरूकता अभियान में भूमिका

कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, महिला कांस्टेबल सपना तिवारी, पूनम देवी, अंशु गुप्ता, खुश्बू यादव तथा कांस्टेबल संध्या तिवारी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान, स्वावलंबन और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई