नाबालिग किशोरी के घर से लापता होने के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा, वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आजमगढ़, 29 अक्टूबर 2026। जनपद के थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को बवाली प्राइवेट बस अड्डे से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वादी मुकदमा ने थाना कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 25 अक्टूबर 2026 को उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। वादी को आशंका थी कि आकाश कुमार निवासी मुबारकपुर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में 26 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 554/26, धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
बवाली प्राइवेट बस अड्डे से हुई गिरफ्तारी
मामले में कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक नरेन्द्र विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी एलवल ने पुलिस टीम के साथ अभियुक्त आकाश कुमार पुत्र चन्द्रबोस निवासी भटौरा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 21 वर्ष को बवाली प्राइवेट बस अड्डे से दोपहर करीब 14:10 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी एलवल, कांस्टेबल विकास यादव एवं कांस्टेबल सत्येन्द्र प्रजापति शामिल रहे।








