लगभग 40 प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, 3500 से अधिक रिक्त पदों पर होगा चयन
आजमगढ़, 30 अक्टूबर 2026/सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी रोजगारपरक पहल के अंतर्गत युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ द्वारा जनपद में विधानसभा क्षेत्रवार वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन रोजगार मेलों के माध्यम से जनपद के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
सहायक निदेशक, सेवायोजन ने बताया है कि जनपद में तीन स्थानों पर आयोजित होने वाले इन रोजगार मेलों में लगभग 40 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के सापेक्ष कुल 3500 से अधिक रिक्तियों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 10,000 रुपये से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र लालगंज के अंतर्गत 31 अक्टूबर 2026 को श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय, लालगंज में, विधानसभा क्षेत्र अतरौलिया के अंतर्गत 01 नवम्बर 2026 को पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, अतरौलिया में एवं विधानसभा क्षेत्र दीदारगंज के अंतर्गत 02 नवम्बर 2026 को कृषक इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर मार्टिनगंज, आजमगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीबीए, एमबीए, एमसीए, बीएससी, बीटेक, पॉलिटेक्निक, आईटीआई एवं कंप्यूटर में दक्षता प्राप्त अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप विभिन्न कंपनियों के रिक्त पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि को प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक संबंधित आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों, बायोडाटा, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की सलाह दी गई है, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो सहायक निदेशक सेवायोजन ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क है। इसके साथ ही चयन प्रक्रिया के लिए भी किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं उन्होंने जनपद के समस्त शिक्षित बेरोजगार युवाओं से अपील किया है कि वे इस रोजगारपरक अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर प्रतिभाग करें। रोजगार मेले से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9839419961, 8528008331 एवं 6307851075 पर संपर्क कर सकते हैं।








