सपा प्रमुख का दावा- छह सीटें भाजपा ने छल से जीतीं, जबकि समाजवादी पार्टी को जनता के बल पर मिली जीत
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भले ही समाजवादी पार्टी की जीतने वाली सीटों की संख्या पांच हो, लेकिन भाजपा को 50 जिलों में हार का सामना करना पड़ा है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने छह सीटें छल से जीती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी को जनता के बल पर जीत मिली है शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पर नवनिर्वाचित एमएलसी और प्रत्याशियों के स्वागत के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने चुनाव परिणामों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि प्रदेश के 50 जिलों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा पर लगाया छल से सीटें जीतने का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने छह सीटें छल के जरिए जीती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी को जनता के समर्थन से सफलता मिली है। उन्होंने चुनाव परिणामों को समाजवादी पार्टी के पक्ष में जनता के भरोसे का संकेत बताया।
विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत का दावा
सपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनका गठबंधन रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
गोरखपुर को लेकर मुख्यमंत्री पर तंज
पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को हराते-हराते मुख्यमंत्री ने भाजपा का काम तमाम कर दिया अखिलेश यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में विधान परिषद चुनाव के परिणामों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज होने के संकेत हैं।








