best news portal development company in india

जनपद न्यायालय परिसर में वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन

SHARE:

जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय ने किया शिविर का शुभारंभ, पात्र लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक एवं सहायक उपकरण,34 विभागों के स्टॉल के माध्यम से 878 लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित, पूर्व में आयोजित लघु शिविरों में 26,482 लाभार्थियों का हुआ चयन

आजमगढ़, 01 नवम्बर 2026// मा० राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ द्वारा मा० जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय परिसर, आजमगढ़ में वृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मा० जनपद न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां वाग्देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर बालकृष्ण एन. रंजन, अपर प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय; अजय श्रीवास्तव, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-3; विजय कुमार वर्मा, विशेष न्यायाधीश, एससी/एसटी एक्ट; ओम प्रकाश मिश्रा, विशेष न्यायाधीश, ईसी एक्ट एवं न्यायिक नोडल अधिकारी, मेगा शिविर; अनुपम कुमार त्रिपाठी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एफटीसी-02; सत्यवीर सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मां वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्चन किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि इस वृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्गों, दिव्यांगजनों, बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

34 विभागों के स्टॉल के माध्यम से योजनाओं का लाभ

मा० जनपद न्यायाधीश द्वारा न्यायालय परिसर में फीता काटकर मेगा शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत उन्होंने न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक एवं ट्राईसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत निजामाबाद की प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी एवं मुबारकपुर की रेशमी साड़ियों का भी वितरण किया गया।

शिविर के अवसर पर मा० जनपद न्यायाधीश द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ अंकित वर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 34 स्टॉल लगाए गए हैं।उन्होंने बताया कि मेगा शिविर के आयोजन से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर लघु शिविरों का आयोजन कर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया गया था। इन लघु शिविरों के माध्यम से कुल 26,482 लाभार्थियों का चयन कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आज आयोजित वृहद/मेगा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 878 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है।

मेगा शिविर में जिला कारागार, आजमगढ़ में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों एवं सामानों का स्टॉल भी लगाया गया, जिसके माध्यम से बंदियों के कौशल एवं हुनर को प्रदर्शित किया गया।

मेगा शिविर के नोडल प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि शिविर से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा लघु शिविरों का आयोजन कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया गया था। इस मेगा शिविर में इन लाभार्थियों को संबंधित विभागों के स्टॉल के माध्यम से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय, सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराना है।

इस अवसर पर जनपद न्यायालय, आजमगढ़ के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने एवं समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में यह वृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई