best news portal development company in india

पिंक प्रेरणा स्वरोजगार से महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया अवसर। जिलाधिकारी ने महिला स्वरोजगारियों के स्टालों का किया उद्घाटन

SHARE:

पिंक ठेला स्वरोजगार के तहत 10 महिला स्वरोजगारियों का चयन कर विकास खण्ड परिसर तहबरपुर के सामने आवंटित किए गए ठेले,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल

आजमगढ़, 01 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित पिंक प्रेरणा स्वरोजगार पहल के तहत आज विकास खण्ड परिसर तहबरपुर में महिला स्वरोजगारियों द्वारा लगाए गए स्टालों का उद्घाटन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया। इस पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करने तथा उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पिंक ठेला स्वरोजगार योजना के तहत कुल 10 महिला स्वरोजगारियों का चयन कर उन्हें व्यवसाय संचालन के लिए ठेले उपलब्ध कराए गए हैं। विकास खण्ड परिसर के सामने इन महिलाओं द्वारा अपनी दुकानें स्थापित की गई हैं, जहां वे विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका अर्जित कर सकेंगी। इससे महिलाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने का अवसर मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने महिला स्वरोजगारियों के स्टालों का उद्घाटन कर उनके द्वारा संचालित की जाने वाली व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार की पहल से महिलाएं अपनी आजीविका के लिए स्वयं सक्षम बनेंगी तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला स्वरोजगारियों को व्यवसाय संचालन में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके व्यवसाय सुचारु रूप से संचालित हों और उन्हें निरंतर आय अर्जित करने के अवसर प्राप्त हों।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी निजामाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त स्वतः रोजगार आराधना त्रिपाठी, खण्ड विकास अधिकारी तहबरपुर सिद्धार्थ सिंह (आईएएस), प्रमुख क्षेत्र पंचायत तहबरपुर प्रतिनिधि अजीत यादव सहित ग्राम प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला स्वरोजगारियां उपस्थित रहीं।

इसके अतिरिक्त विकास खण्ड के समस्त सहायक विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), ग्राम पंचायत सचिव सहित विकास खण्ड के अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडीओ दुर्गा प्रसाद राय द्वारा किया गया।

पिंक प्रेरणा स्वरोजगार पहल ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उनकी उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई