25 मार्च रात्रि 11 बजे से लापता थे, खेत में बन रही चाहरदीवारी की रखवाली कर रहे थे ……
सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी एक गुमशुदा वृद्ध का शव रविवार को गेहूं के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धौरहरा निवासी इम्तियाज अहमद (73) पुत्र अब्दुल कयूम तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों की तहरीर पर 25 मार्च 2026 को जीयनपुर कोतवाली में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

रविवार दोपहर करीब तीन बजे आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर के सामने अलीपुर सिवान के गेहूं के खेत में उनका शव पाया गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव की पहचान इम्तियाज अहमद के रूप में की। परिजनों के अनुसार, वृद्ध बुधवार की रात धौरहरा गांव के मुख्य मार्ग किनारे एक खेत में बन रही चाहरदीवारी की रखवाली के लिए सोए हुए थे। रात करीब 11 बजे वह वहां से कहीं चले गए, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

👉 ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह पहले भी कई बार घर से निकल चुके थे। उनका इलाज भी चल रहा था। मृतक के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
👉 इस संबंध में जीयनपुर प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









